खेत-मकान से 9 क्विंटल लहसुन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; ₹70 हजार नगद बरामद
जावरा।
थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने सुनसान खेत-मकानों को निशाना बनाकर लहसुन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लहसुन को बेचकर प्राप्त ₹70 हजार नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और ऑटो भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये है।
खेत में बने मकान से 17 बोरियां लहसुन चोरी
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को जावरा निवासी 69 वर्षीय बसंतीलाल हाडा ने थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे से 28 जुलाई की सुबह 5 बजे के बीच नागदा-जावरा रोड स्थित ग्राम नागदी में उनके खेत पर बने मकान से अज्ञात बदमाश 17 बोरियों में रखा करीब 9 क्विंटल लहसुन चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही साइबर सेल की तकनीकी सहायता और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
लगातार पतारसी के बाद पुलिस ने मामले में दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीन अन्य साथियों के नाम सामने आए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमीन खान पिता आलम खान (38), निवासी ग्राम भावगढ़, जिला मंदसौर और सादिक पिता नाहर खां कुरैशी (30), निवासी मेवातीपुरा, जावरा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी किया गया करीब 9 क्विंटल लहसुन नीमच मंडी में बेचने की बात बताई। पुलिस ने बिक्री से प्राप्त 70 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पल्सर और ऑटो भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों से चोरी के लहसुन की बिक्री से प्राप्त ₹70 हजार नगद के अलावा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.30 लाख, तथा करीब ₹2 लाख कीमत का ऑटो जब्त किया है। पुलिस के अनुसार कुल करीब ₹4 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।
आरोपी आमीन का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आमीन खान का विभिन्न थानों में चोरी और अन्य अपराधों का रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ अफजलपुर, भावगढ़, कालूखेड़ा, दलौदा, सीतामऊ, नई आबादी, वायडी नगर और रिंगनोद सहित अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, चांदी चोरी, सोयाबीन चोरी, भैंस चोरी, डोडाचूरा तस्करी और शराब संबंधी मामले दर्ज होना बताया गया है।
अन्य चोरी की वारदातों का भी हो सकता है खुलासा
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में सुनसान खेत-मकानों, कृषि उपज के भंडारण स्थलों या अन्य स्थानों पर कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस फरार और अन्य सहयोगी आरोपियों की तलाश में भी जुटी है।
इस कार्रवाई में डीएसपी प्रकाश गाडरिया, उनि. कुलदीप डाबी, उनि. मोहम्मद अय्यूब खान सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?