बंदूक की नोक पर दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

Sep 20, 2026 - 10:37
 0  15
बंदूक की नोक पर दुष्कर्म का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

नानाखेड़ा थाना पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने और अभद्रता का आरोप

उज्जैन। उज्जैन की एक महिला ने बंदूक की नोक पर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वह नानाखेड़ा थाने पहुंची तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए थाने से भगा दिया गया।

शनिवार को प्रेस क्लब में मीडिया से चर्चा के दौरान पीड़िता ने बताया कि उसने पुलिस अधीक्षक को एक आवेदन सौंपकर अपने साथ हुई घटना और नानाखेड़ा पुलिस के रवैये की जानकारी दी है। महिला के अनुसार, उसके पूर्व में ग्राम लेकोड़ा आंजना, तहसील उन्हेल निवासी जितेंद्र आंजना से संबंध थे, जो करीब दो वर्ष पहले समाप्त हो चुके हैं।

पीड़िता का आरोप है कि 27 जुलाई 2026 की रात आरोपी ने त्रिवेणी हिल्स स्थित उसके निवास पर बंदूक की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि उसके पिता बड़े नेता हैं और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

महिला ने बताया कि भय और दबाव के कारण वह तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। अब साहस जुटाकर शिकायत करने पहुंची तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

महिला ने यह भी कहा कि यदि उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकती है।

हालांकि, इस मामले में नानाखेड़ा थाना पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow