डाबर के कई प्रमुख उत्पादों की बिक्री पर FSSAI की रोक, ‘100% शुद्ध’ और ‘100% नेचुरल’ दावों पर उठे सवाल

Aug 5, 2026 - 13:27
Aug 5, 2026 - 13:41
 0  9
डाबर के कई प्रमुख उत्पादों की बिक्री पर FSSAI की रोक, ‘100% शुद्ध’ और ‘100% नेचुरल’ दावों पर उठे सवाल

नई दिल्ली।

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर किए जा रहे ‘100%’ दावों को लेकर डाबर इंडिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। नियामक ने कंपनी को ऐसे दावों वाले कई खाद्य उत्पादों की बिक्री तत्काल रोकने का निर्देश दिया है। FSSAI के अनुसार, इस तरह के दावे अस्पष्ट, सत्यापन योग्य नहीं होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं।

इन उत्पादों पर कार्रवाई

FSSAI की कार्रवाई में डाबर के शहद, गाय का देसी घी, ऑर्गेनिक ऐपल साइडर विनेगर, वर्जिन कोकोनट ऑयल, तिल का तेल, नारियल पानी और कोकोनट मिल्क जैसे उत्पाद शामिल बताए गए हैं। इन उत्पादों की पैकेजिंग और लेबल पर ‘100% Pure’, ‘100% Natural’, ‘100% Purity Guaranteed’ और ‘100% Organic’ जैसे दावों को लेकर नियामक ने आपत्ति जताई है।

‘100%’ दावों को लेकर FSSAI की आपत्ति

FSSAI का कहना है कि खाद्य उत्पादों के संबंध में बिना स्पष्ट और प्रमाणित आधार के इस प्रकार के ‘100%’ दावे उपभोक्ताओं को उत्पाद की वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता को लेकर भ्रमित कर सकते हैं। नियामक की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पैकेजिंग पर किए जाने वाले दावों में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

इसके अलावा, बिना वैध प्रमाण के ‘जैविक भारत’ लोगो के इस्तेमाल को लेकर भी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है।

15 दिन में मांगी एक्शन टेकन रिपोर्ट

FSSAI ने डाबर इंडिया से कार्रवाई के संबंध में 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) प्रस्तुत करने को कहा है। कंपनी की ओर से बताया गया है कि वह FSSAI के निर्देश के अनुरूप उत्पादों की लेबलिंग में बदलाव की प्रक्रिया पर काम कर रही है और मामले में कानूनी सलाह भी ली जा रही है।

शेयर बाजार में भी दिखा असर

FSSAI की कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद डाबर इंडिया के शेयरों में दबाव देखने को मिला। मंगलवार के कारोबार में कंपनी का शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 2.4 प्रतिशत तक गिरकर ₹415.50 के आसपास पहुंच गया।

हालांकि, यह कार्रवाई मुख्य रूप से लेबलिंग और उत्पादों पर किए गए ‘100%’ दावों से जुड़ी है। इसे सीधे तौर पर संबंधित उत्पादों की खाद्य गुणवत्ता या मिलावट साबित होने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow