भोपाल में भेल की 1100 एकड़ जमीन पर बनेगा विशाल प्रोजेक्ट, दिल्ली और मुंबई के बिजनेस हब से भी होगा बड़ा
भोपाल:
राजधानी भोपाल में भेल (BHEL) की 1100 एकड़ जमीन को वापस लेने की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले हफ्ते हुई त्रिपक्षीय बैठक में यह तय हुआ है कि इस जमीन को विकसित करने के लिए राजस्व विभाग और केंद्र का भारी उद्योग मंत्रालय अपने-अपने स्तर पर कैबिनेट में प्रस्ताव रखेंगे। दोनों जगहों से मंजूरी मिलने के बाद भेल बोर्ड भूमि ट्रांसफर पर अंतिम मुहर लगाएगा।
50-50% का होगा राजस्व बंटवारा
जमीन मिलने के बाद राज्य सरकार इसकी पूरी प्लानिंग के साथ विकास करेगी। इसके मोनेटाइजेशन से मिलने वाली राशि भेल और राज्य सरकार के बीच 50-50% बांटी जाएगी। त्रिपक्षीय बैठक में केंद्र सरकार, भेल दिल्ली-भोपाल और मध्य प्रदेश सरकार के अधिकारी शामिल हुए थे।
भेल के पास कुल 4,479.21 एकड़ जमीन
भेल के पास भोपाल में कुल 4,479.21 एकड़ जमीन है। इसमें से करीब 600 एकड़ का उपयोग फैक्ट्री और प्लांट के लिए हो रहा है। बाकी जमीन में टाउनशिप, अर्बन फॉरेस्ट और अन्य क्षेत्र हैं। जिस 1100 एकड़ जमीन को राज्य को देने की बात चल रही है, उसका बड़ा हिस्सा खाली है, जबकि कुछ हिस्से पर अवैध कब्जे हैं।
1. दायरा: गिफ्ट सिटी से भी बड़ा होगा प्रोजेक्ट
सब योजना के मुताबिक हुआ तो 1100 एकड़ का यह क्षेत्र दिल्ली एनसीआर के एरोसिटी (250 एकड़), मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (370 एकड़) व गुजरात की गिफ्ट सिटी (900 एकड़) से भी बड़ा होगा। पूरी जमीन अलग-अलग चरणों में विकसित होगी।
2. फैसले किसके: भेल व सरकार संस्था बनाएंगे
भेल और राज्य सरकार के अफसरों को मिलाकर स्पेशल परपज व्हीकल (एसपीवी) बनाया जाएगा। मोनेटाइजेशन वाली जमीन एसपीवी को ट्रांसफर की जा सकेगी। यही प्रोजेक्ट और जमीन के विकास पर फैसले लेगी। केंद्र, राज्य और भेल की सहमति से एनबीसीसी या दूसरी एजेंसी चुनी जाएगी, जो काम करेगी।
3. कमाई: हिस्सा 50-50%, लैंड यूज बदलेंगे
जमीन से अधिकतम आय के लिए लैंड यूज व प्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) में जरूरी बदलाव की जिम्मेदारी नगरीय विकास एवं आवास विभाग की होगी। मोनेटाइजेशन से मिलने वाली राशि का 50% भेल और 50% राज्य सरकार को मिलेगा।
ये चुनौती: 764 एकड़ पर अतिक्रमण
बैठक के बाद अफसर भेल की यह जमीन को देखने पहुंचे। बताया गया है कि अभी इस जमीन के 764 एकड़ हिस्से पर अवैध कब्जे हैं। हालांकि इसके अलावा भी भेल के पास 1000 एकड़ जमीन खाली है।
What's Your Reaction?