तीन पिकअप वाहनों से 20 मवेशी बरामद, ₹21.20 लाख का माल-मशरूका जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार, फरार चालकों की तलाश जारी
अनूपपुर/जैतहरी। पशु क्रूरता एवं अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जैतहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों से 20 मवेशियों को बरामद किया है। कार्रवाई में पुलिस ने तीनों पिकअप वाहनों सहित कुल ₹21.20 लाख का माल-मशरूका जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह थाना जैतहरी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक बांधकर सिवनी-मुंडा मार्ग से होते हुए मरवाही, छत्तीसगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना से पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना जैतहरी एवं पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर की तीन टीमों का गठन कर ग्राम मुंडा-सिवनी मार्ग पर नाकाबंदी की गई। साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस को भी सूचना दी गई। छत्तीसगढ़ पुलिस ने संदिग्ध वाहनों का पीछा करते हुए उन्हें खदेड़ा और अनूपपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया।
नाकाबंदी के दौरान तीनों पिकअप वाहन तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालकों ने वाहन नहीं रोके और भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर तीनों चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
एक पिकअप में 7, दूसरी में 6 और तीसरी में 7 मवेशी मिले
पुलिस की जांच में पहली पिकअप से 7 मवेशी, दूसरी से 6 मवेशी तथा तीसरी पिकअप से 7 मवेशी बरामद किए गए। दूसरी पिकअप में एक भैंस मृत अवस्था में मिली। सभी मवेशियों को रस्सियों से बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर रखा गया था। वाहनों में मवेशियों के लिए चारा-पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी।
कार्रवाई के दौरान दूसरी पिकअप में सवार आसीफ कुरैशी पिता हसनैन कुरैशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी जेकेडी झगड़ाखान, मनेन्द्रगढ़, छत्तीसगढ़ को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
₹21.20 लाख का माल-मशरूका जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में कुल 20 मवेशी और 3 पिकअप वाहन जब्त किए हैं। जब्त माल-मशरूका की अनुमानित कुल कीमत ₹21 लाख 20 हजार बताई गई है।
03 पिकअप वाहन: ₹17 लाख
20 मवेशी: ₹4.20 लाख
कुल: ₹21.20 लाख
प्रकरण में फरार वाहन चालकों की तलाश जारी है और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनूपपुर के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण साहू, उपनिरीक्षक मणिराज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार कोरी, प्रधान आरक्षक चालक दिनेश पाटील, आरक्षक मनीष सिंह तोमर एवं आरक्षक विजय टाटू की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संदिग्ध वाहनों का पीछा कर उन्हें खदेड़ने तथा अनूपपुर पुलिस के साथ त्वरित समन्वय स्थापित करने में छत्तीसगढ़ पुलिस का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिसके चलते कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सका।
What's Your Reaction?