1984 सिख विरोधी दंगा मामले में सजा काट रहे पूर्व सांसद सज्जन कुमार का निधन, सफदरजंग अस्पताल में ली अंतिम सांस
नई दिल्ली |
कांग्रेस के पूर्व लोकसभा सांसद सज्जन कुमार का निधन हो गया है। 84 वर्षीय सज्जन कुमार 1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें गुरुवार सुबह दिल्ली के VMMC-सफदरजंग अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुबह 11 बजे अस्पताल लाए गए
सफदरजंग अस्पताल के आधिकारिक बयान के अनुसार, सज्जन कुमार को सुबह करीब 11 बजे पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची थी। उन्हें तत्काल भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए आवश्यक उपचार और लाइफ सपोर्ट के सभी प्रयास किए, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
अस्पताल के मुताबिक, दोपहर करीब 12:30 बजे डॉक्टरों ने सज्जन कुमार को मृत घोषित कर दिया।
हाई ब्लड प्रेशर और पार्किंसन से थे पीड़ित
अस्पताल ने बताया कि सज्जन कुमार को ऑल्टर्ड सेंसोरियम की समस्या के साथ अस्पताल लाया गया था। वह हाई ब्लड प्रेशर और पार्किंसन बीमारी से भी पीड़ित थे। इलाज के दौरान तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
1984 दंगा मामले में काट रहे थे सजा
सज्जन कुमार का नाम 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों में प्रमुख रूप से सामने आया था। दोषी ठहराए जाने के बाद वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे थे। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में प्रतिक्रिया सामने आने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?