खेत के मकान से चोरी 7 बोरी सोयाबीन 3 दिन में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

Sep 5, 2026 - 15:38
 0  24
खेत के मकान से चोरी 7 बोरी सोयाबीन 3 दिन में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

चोरी में इस्तेमाल टेम्पो जब्त, बांगरोद चौकी ने 15 दिनों में दो नकबजनी और एक केबल चोरी का किया खुलासा

रतलाम। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी के मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बांगरोद पुलिस चौकी की टीम ने खेत पर बने मकान का ताला तोड़कर की गई सोयाबीन चोरी का महज तीन दिन में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई 7 बोरी सोयाबीन के साथ वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 26-27 अगस्त 2026 की रात बांगरोद निवासी भरत पिता रामलाल धाकड़ के खेत पर बने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश अंदर रखी 7 बोरी सोयाबीन चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर 2 सितंबर को थाना नामली में अपराध क्रमांक 380/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उप निरीक्षक वीडी जोशी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस को मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और लगातार पतारसी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सुखराम पिता दोलजी झोड़िया (35), निवासी ग्राम झोली बिंटी, बाजना और सतीश पिता शान्तु भाभर (19), निवासी चपलीखेड़ा, बाजना को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ और विवेचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी की 7 बोरी सोयाबीन तथा वारदात में प्रयुक्त टेम्पो क्रमांक MP-43-K-3228 बरामद किया है।

दो आरोपी अभी फरार

पुलिस के मुताबिक मामले में बालू निनामा और जीवन निनामा निवासी घोड़ाखेड़ा फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

15 दिनों में तीन मामलों का खुलासा

बांगरोद चौकी पुलिस की संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार, पिछले 15 दिनों में चौकी बांगरोद द्वारा दो नकबजनी और एक केबल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की गई है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

सोयाबीन चोरी के मामले में आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने में उप निरीक्षक वीडी जोशी, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश गणावा, आरक्षक मनीष पाटीदार और सैनिक शिवेन्द्र सिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

रतलाम पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए मशरूके की बरामदगी के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow