शमशाबाद क्षेत्र के जंगल में वन विकास निगम की सख्ती, 52 हेक्टेयर वनभूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

Oct 6, 2026 - 19:37
 0  94
शमशाबाद क्षेत्र के जंगल में वन विकास निगम की सख्ती, 52 हेक्टेयर वनभूमि कराई अतिक्रमण मुक्त
शमशाबाद क्षेत्र के जंगल में वन विकास निगम की सख्ती, 52 हेक्टेयर वनभूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

शमशाबाद। 

वन क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ वन विकास निगम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। संभागीय प्रबंधक विदिशा-रायसेन परियोजना मंडल के मार्गदर्शन में पुलिस और वन अमले की संयुक्त टीम ने गढ़ी और झिरी गांव से लगे वन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 52 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान वन अमले के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।

जानकारी के अनुसार मंगलवार 6 अक्टूबर को वन विकास निगम के अधिकारियों ने अतिक्रमण की सूचना के बाद संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के तहत कक्ष क्रमांक पी-239 ए, 232 ए एवं 232 ए में आने वाले वन क्षेत्र को चिन्हित कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अतिक्रमण को हटाते हुए वनभूमि को निगम के कब्जे में लिया गया।

अभियान में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लटेरी, उप संभागीय प्रबंधक परियोजना मंडल विदिशा-रायसेन, वन विकास निगम के ग्यारसपुर, शमशाबाद और बेगमगंज परिक्षेत्र का अमला, उड़नदस्ता दल तथा पुलिस लाइन विदिशा एवं थाना शमशाबाद का पुलिस बल शामिल रहा।

संयुक्त टीम देखकर मचा हड़कंप

वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने पहुंची संयुक्त टीम को देखकर क्षेत्र में हलचल मच गई। वन अमले ने राजस्व एवं वन सीमाओं के अनुसार क्षेत्र का निरीक्षण कर कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा।

वन विकास निगम की इस कार्रवाई को वन क्षेत्र की सुरक्षा और अतिक्रमण पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। करीब 52 हेक्टेयर वन क्षेत्र मुक्त होने से जंगल की जमीन पर फिर से हरियाली और संरक्षण की उम्मीद बढ़ी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow