अनुसूचित जाति आयोग सदस्य बारेलाल अहिरवार का बैरसिया दौरा, पीड़ित परिवार से मिले
तरावली में करंट से मृत युवक के परिजनों को बंधाया ढांढस, अधिकारियों को दिए जांच और मुआवजे के निर्देश; वाल्मीकि महाआरती में हुए शामिल
बैरसिया। मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने गुरुवार को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थल पर दर्शन-पूजन करने के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की, ग्रामीणों से जनसंवाद किया और सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर समाजजनों से संवाद किया।
दौरे की शुरुआत ग्राम तरावली कलां स्थित प्राचीन सिद्ध शक्तिपीठ मां हरसिद्धि मंदिर में दर्शन-पूजन से हुई। इसके बाद आयोग सदस्य गांव में उस परिवार के घर पहुंचे, जहां बीते दिनों करंट लगने से युवक स्व. पार्थसिंह पिता राजेन्द्र सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी।
बारेलाल अहिरवार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान मौके पर मौजूद विद्युत मंडल के अधिकारियों के प्रति उन्होंने नाराजगी जताई और घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता जल्द उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही तहसील एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को घटना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयोग सदस्य ने बैरसिया के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। ग्राम हिनोतिया वीरान, जमुसर और जनकपुर में उन्होंने आम नागरिकों, बुजुर्गों और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
वाल्मीकि महाआरती में हुए शामिल
दौरे के अंतिम चरण में बारेलाल अहिरवार बैरसिया के टीलापुरा वार्ड क्रमांक-2 पहुंचे। यहां मां कार्तिका वाल्मीकि ग्रुप एवं वाल्मीकि समाज द्वारा भगवान वाल्मीकि जी की पूजा एवं महाआरती का आयोजन किया गया था। आयोग सदस्य ने महाआरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान करते हुए कहा कि वाल्मीकि समाज हमारा गौरव है। उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, शिक्षा प्रोत्साहन और आवास योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाज के वरिष्ठजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?