ट्रेन में यात्रियों का सामान चुराने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 4.80 लाख का माल बरामद

Sep 29, 2026 - 22:42
 0  10
ट्रेन में यात्रियों का सामान चुराने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 4.80 लाख का माल बरामद

भोपाल जीआरपी की बड़ी सफलता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपी दबोचा गया; दिल्ली के यात्री का पर्स चोरी कर ATM से निकाले थे 40 हजार

भोपाल/सागर:

 ट्रेनों की बोगियों में यात्रियों का सामान चुराने वाले एक शातिर आरोपी को जीआरपी भोपाल ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान देव कुमार अहिरवार (27) निवासी सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 4.80 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सट्टे की लत के चलते चोरी करने लगा था और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

दिल्ली के यात्री का पर्स चोरी, एटीएम से निकाले 40 हजार

17 सितंबर को मयूर विहार, दिल्ली निवासी सुमित पिता सुरेश कुमार ने जीआरपी निजामुद्दीन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह कोयंबटूर से हजरत निजामुद्दीन की यात्रा कर रहा था। भोपाल रेलवे स्टेशन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन के एसी कोच से उसका लेडीज पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 6 हजार रुपए नकद, सोने के कान के टॉप्स, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और दो हाथ घड़ियां थीं। बाद में आरोपी ने एटीएम के जरिए 40 हजार रुपए भी निकाल लिए। घटना भोपाल जीआरपी क्षेत्र की होने के कारण शून्य की एफआईआर ईमेल के जरिए जीआरपी भोपाल भेजी गई थी।

सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध, फुटेज से तलाश

मामले की जांच के दौरान भोपाल रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में घटना वाले दिन संबंधित ट्रेन के ए/1 कोच से एक संदिग्ध व्यक्ति उतरता दिखाई दिया। पुलिस ने उसके मूवमेंट वाले रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध की फोटो मुखबिरों को भेजकर जानकारी जुटाई। इसके बाद मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध हुलिए का व्यक्ति नगर पुलिया के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम देव कुमार अहिरवार पिता स्व. रामसेवक अहिरवार, निवासी ग्राम सजली गिरवर, थाना सौंदा, जिला सागर बताया। वह फिलहाल गिन्नौरी, थाना तलैया, भोपाल में रह रहा था।

पूछताछ में चोरी कबूली, आभूषण-मोबाइल बरामद

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में देव कुमार ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण और अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल बरामद किए गए। बरामद सामान में एक सोने का पांचाली हार, एक सोने का मंगलसूत्र, छह चांदी की बिछिया, चांदी की पायल, सोने के कान के टॉप्स, एक एप्पल, एक ओप्पो, एक सैमसंग और दो रियलमी मोबाइल शामिल हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4.80 लाख रुपए बताई गई है।

पहले भी दर्ज हैं चोरी के मामले

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जीआरपी विदिशा, जीआरपी भोपाल और टीला जमालपुरा थाने में चोरी, चोरी का माल रखने और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow