10 स्कूली ऑटो जप्त,बच्चों को पुलिस ने पहुंचाया गंतव्य

Sep 16, 2026 - 22:05
 0  11
10 स्कूली ऑटो जप्त,बच्चों को पुलिस ने पहुंचाया गंतव्य

शहडोल।

जिले की यातायात पुलिस ने स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने में ऑटो का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ बुधवार को अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुबह से दोपहर तक शहर के अलग-अलग स्थानों और स्कूलों के आसपास कार्रवाई करते हुए 10 से अधिक ऑटो जब्त किए गए। इन ऑटो में स्कूली बच्चे सवार थे। कार्रवाई के दौरान बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उन्हें अपने वाहनों से उनके घर और स्कूल तक पहुंचाया।

यातायात पुलिस ने बताया कि स्कूली बच्चों को ऑटो से लाने-ले जाने को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने अभियान शुरू किया है। पुलिस की ओर से ऑटो चालकों को पहले भी समझाइश दी गई थी कि बच्चों को ऑटो में बैठाकर स्कूल न ले जाएं। बच्चों के परिवहन के लिए निर्धारित स्कूली वैन का इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई थी। इसके बावजूद कुछ ऑटो चालक बच्चों को बैठाकर स्कूल पहुंचा रहे थे।

बुधवार को यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्कूलों के आसपास जांच की। इस दौरान बच्चों को लेकर जा रहे 10 से अधिक ऑटो पकड़े गए। पुलिस ने ऑटो को जब्त कर यातायात थाने में सुरक्षित खड़ा कराया है। कार्रवाई के बाद जिन बच्चों को स्कूल जाना था, उन्हें पुलिस ने स्कूल पहुंचाया, जबकि छुट्टी के बाद घर जाने वाले बच्चों को वाहनो से उनके घर तक पहुंचवाया गया।

यातयात पुलिस ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जब्त किए गए ऑटो को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि बच्चों के परिवहन के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों वाले स्कूली वाहन का उपयोग किया जाना चाहिए। ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और उन्हें स्कूल लाने-ले जाने की व्यवस्था पर अब सख्ती बरती जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow