अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर पकड़ाया बिजरी पुलिस की कार्रवाई
रिपोर्ट--- आकाश नामदेव
अनूपपुर/बिजुरी
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) आरती शाक्य के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनन व अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध प्रभावी अभियान जारी है। इसी क्रम में थाना बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रेत का परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की है।
घटना का विवरण:
दिनांक 14–15.09.2026 की दरमियानी रात्रि थाना बिजुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कोठी गैस एजेंसी के पास, कोठी से पकरिहा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। जांच के दौरान एक नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया, जिसमें अवैध रेत लदी पाई गई।
मौके पर मौजूद वाहन चालक ने अपना नाम ओम कुशवाहा (पिता नरेश प्रसाद कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोठी, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर) बताया। रेत परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई भी वैध कागजात या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने गवाहों के समक्ष ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं रेत को जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया।
पंजीबद्ध अपराध:
आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS), धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
जप्त मशरूका
अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली
कुल अनुमानित मूल्य: लगभग ₹5,05,000/-
इनकी रही सराहनीय भूमिका
उक्त त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, सउनि प्रदीप अग्निहोत्री, आरक्षक रवि सिंह, आरक्षक मनोज उपाध्याय तथा आरक्षक रामनिवास गुर्जर की उल्लेखनीय एवं सराहनीय भूमिका रही।
What's Your Reaction?