खाटूश्याम दर्शन को जा रहे बैतूल के श्रद्धालुओं की मिनी बस खाई में गिरी, 8 की मौत, 17 घायल

Oct 17, 2026 - 22:36
 0  11
खाटूश्याम दर्शन को जा रहे बैतूल के श्रद्धालुओं की मिनी बस खाई में गिरी, 8 की मौत, 17 घायल
खाटूश्याम दर्शन को जा रहे बैतूल के श्रद्धालुओं की मिनी बस खाई में गिरी, 8 की मौत, 17 घायल

कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के दिए निर्देश

बैतूल। 

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से खाटूश्याम बाबा के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस राजस्थान में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुए इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मुलताई क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

ड्राइवर को झपकी आने से हादसे की आशंका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के श्रद्धालु भोपाल से मिनी बस में सवार होकर खाटूश्याम बाबा के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे कोटा के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मिनी बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।

दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने घायलों को कोटा के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, मृतकों के शव बैतूल भेजने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख, आर्थिक सहायता के निर्देश

हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा है।

हेमंत खंडेलवाल ने राजस्थान सरकार से किया संपर्क

बैतूल विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में राजस्थान सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के स्तर पर संपर्क किया। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से फोन पर चर्चा कर घायलों के उपचार एवं आर्थिक सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, बैतूल कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने भी दुर्घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुलताई क्षेत्र में शोक की लहर

एक साथ आठ श्रद्धालुओं की मौत की खबर से मुलताई क्षेत्र के गांवों में शोक का माहौल है। जिन परिवारों के सदस्य बाबा खाटूश्याम के दर्शन के लिए निकले थे, उनके लिए यह हादसा गहरा आघात बनकर सामने आया है। क्षेत्र के लोगों ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow