दो दिन से लापता अधेड़ का कुएं में मिला शव,
गले में गमछे से बंधे मिले 20 किलो वजनी पत्थर,
हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्ट--- आकाश नामदेव
अनूपपुर।
जिले के करनपठार थाना क्षेत्र के देवरी चक्कीटोला गांव में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दो दिनों से लापता 48 वर्षीय रमेश सिंह का शव गांव के ही एक 20 फीट गहरे पानी भरे कुएं से बरामद किया गया है। मृतक के गले में गमछे से करीब 20 किलो वजनी पत्थर बंधे मिले हैं, जिसे देखकर पुलिस और ग्रामीण भी हैरान हैं।
*गले में दो तरफ बंधे थे पत्थर -*
SDRF अनूपपुर की टीम ने सुबह 9:35 बजे शव को कुएं से बाहर निकाला। जांच में पता चला कि एक छोर पर 10 किलो का एक पत्थर और दूसरे छोर पर 5-5 किलो के दो पत्थर गमछे से बंधे थे।
*खेत जाने निकला था, फिर नहीं लौटा -*
विवेचक SI धनेश्वर पटेल के अनुसार, मृतक रमेश सिंह पिता लामू सिंह 15 अक्टूबर की सुबह 6 बजे खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। घर से करीब 3 किमी दूर नर्मदा किनारे उसका खेत है। शाम तक नहीं लौटने पर परिजनों ने सोचा रात में लौट आएगा, लेकिन नहीं लौटा। 16 अक्टूबर को करनपठार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
*जूता और पैनारी से हुआ खुलासा -*
शनिवार सुबह मृतक का बड़ा भाई खोजबीन पर निकला तो किसान शिवचरण सिंह गोंड के खेत के कुएं के पास रमेश का जूता और मवेशी हांकने वाली पैनारी पड़ी मिली। शक होने पर ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।
*SDRF ने निकाला शव -*
जिला मुख्यालय से प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में SDRF टीम मौके पर पहुंची। सैनिक अनुज कुमार, सुनील सिंह, प्रहलाद सिंह, बालेंद्र कुमार, शिवप्रताप, धन सिंह, बृजभान सिंह ने कड़ी मशक्कत से शव को बाहर निकाला। भवेदी ने बताया कि पत्थर बंधे होने से शव पानी में नीचे दबा रहा, ऊपर बुलबुले उठ रहे थे जिससे लाश होने का पता चला।
*परिजनों ने कहा - मानसिक रूप से कमजोर था -*
परिजनों ने हत्या की आशंका तो जताई, लेकिन साथ ही बताया कि गांव में किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी।
फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर बेनीबारी स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। PM रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
What's Your Reaction?