बोलेरो एनएचएआई में किराए पर लगवाने का झांसा देकर फरार आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद

Sep 18, 2026 - 20:37
 0  91
बोलेरो एनएचएआई में किराए पर लगवाने का झांसा देकर फरार आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद

अनूपपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से सीहोर से आरोपी को पकड़ा; ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर 5.30 लाख रुपए की धोखाधड़ी का भी आरोप

अनूपपुर। बोलेरो वाहन को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की कंपनी में किराए पर लगवाने का झांसा देकर लेकर फरार हुए आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी कर ले जाया गया बोलेरो वाहन और नकदी बरामद की है। आरोपी पर अनूपपुर जिले में ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का भी आरोप है।

वाहन लेकर हुआ फरार, मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, ग्राम केकरपानी निवासी दुबेलाल यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बोलेरो वाहन क्रमांक MP18ZK0201 को वाहन चालक राजेंद्र सिंह परस्ते ने एनएचएआई कंपनी में लगवाने का झांसा देकर धोखाधड़ीपूर्वक अपने कब्जे में ले लिया और फरार हो गया। शिकायत पर कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 476/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर 5.30 लाख की ठगी

इसी तरह ग्राम पोड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह परस्ते ने भी राजेंद्र सिंह परस्ते के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर सुरेंद्र सिंह से 1.50 लाख रुपए, रीतेश सिंह से 70 हजार रुपए और उमेश केवट से 3.10 लाख रुपए लिए और वापस नहीं किए। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 508/26, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।

साइबर सेल की मदद से सीहोर में मिला आरोपी

पुलिस ने मुखबिर की सूचना और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन जिला सीहोर में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर अनूपपुर पहुंचाया। पूछताछ में उसकी पहचान सुनील मोहनलाल शर्मा उर्फ सुनील शर्मा, पिता मोहनलाल शर्मा, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम बमोरी, थाना तलेन, जिला राजगढ़ के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनूपपुर जिले में अपना नाम बदलकर राजेंद्र सिंह परस्ते के नाम से ग्राम पोड़ी में रह रहा था। वह क्षेत्र में लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे हड़पने के मामलों में भी संलिप्त बताया गया है।

बोलेरो पर लगाई थी फर्जी टोल पर्ची

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने फरियादी की बोलेरो पर एनएचएआई टोल प्लाजा की फर्जी पर्ची चिपका रखी थी। इससे वह टोल प्लाजा पर शुल्क दिए बिना वाहन निकालने का प्रयास करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन रकम अपनी कथित पत्नी गीतांजली बाई परस्ते के खाते में ट्रांसफर करवाता था। दोनों द्वारा रकम निकालकर इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है।

आरोपी की पत्नी भी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील शर्मा उर्फ राजेंद्र परस्ते करीब दो माह पहले गीतांजली बाई परस्ते के साथ फरार हो गया था। मामले की जांच के दौरान गीतांजली बाई की भी भूमिका सामने आने पर उसे 17 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बोलेरो वाहन क्रमांक MP18ZK0201 और नकदी बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow