एयर इंडिया एक्सप्रेस की भोपाल-दिल्ली फ्लाइट 4 घंटे लेट, ACS अनुपम राजन समेत 101 यात्री फंसे

Aug 24, 2026 - 19:02
 0  14
एयर इंडिया एक्सप्रेस की भोपाल-दिल्ली फ्लाइट 4 घंटे लेट, ACS अनुपम राजन समेत 101 यात्री फंसे

दोपहर 12:45 का टेकऑफ शाम 4:38 बजे हुआ संभव; 1 घंटा देरी से आई थी फ्लाइट, लैंडिंग के बाद आई तकनीकी खराबी

 भोपाल। 

राजा भोज एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की भोपाल-दिल्ली उड़ान (IX-1790) सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण करीब 4 घंटे तक होल्ड रही। दोपहर 12:45 बजे टेकऑफ होने वाला यह विमान शाम 4:38 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो सका। इस लेटलतीफी के कारण मध्य प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन समेत 101 यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट लाउंज में बैठकर परेशान होना पड़ा।

1 बजे भोपाल पहुंची थी फ्लाइट

एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का यह विमान अपने निर्धारित समय दोपहर 12:00 बजे के बजाय 1 घंटा देरी से दोपहर 1:00 बजे भोपाल लैंड हुआ था। लैंडिंग के बाद रूटीन चेकिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उड़ान को भोपाल में ही रोक दिया गया और इंजीनियर्स की टीम ने खराबी को दुरुस्त किया।

लाउंज में 4 घंटे इंतज़ार, यात्री रहे परेशान

विमान के अचानक रुकने से यात्रियों का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होने जा रहे ACS अनुपम राजन को भी 4 घंटे तक लाउंज में ही इंतज़ार करना पड़ा। एयरलाइन प्रबंधन की ओर से स्थिति स्पष्ट न किए जाने के कारण यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली। शाम को तकनीकी खामी दूर होने के बाद जब फ्लाइट ने उड़ान भरी, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow