36 घंटे में बड़ावदा पुलिस ने सुलझाया अंधा कत्ल, आरोपी गिरफ्तार; चाकू बरामद
छह माह पुराने छेड़छाड़ प्रकरण की रंजिश बनी हत्या की वजह, सिंदुरकिया में मिला था युवक का शव
रतलाम।
बड़ावदा थाना पुलिस ने सिंदुरकिया गांव में हुई हत्या के मामले का करीब 36 घंटे में खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे करीब छह माह पुराने छेड़छाड़ के मामले को लेकर चल रही रंजिश सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 को हाटपिपलिया चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिंदुरकिया स्थित मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल पिता शहजाद शाह, निवासी सिंदुरकिया के रूप में हुई।
घटनास्थल के निरीक्षण में प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावरा भेजा और हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और साइबर साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया। एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय और एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।
इसके साथ ही साइबर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों, संभावित गवाहों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के समन्वित विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद घेराबंदी कर घटना के करीब 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में हत्या की बात कबूली, चाकू बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू बरामद कर लिया।
छह माह पुराने मामले को लेकर थी रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब छह माह पहले मृतक पर आरोपी की कथित भाभी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा था। इस संबंध में पूर्व से प्रकरण दर्ज होकर मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक इस घटना का गांव में बार-बार उल्लेख करता था, जिससे आरोपी नाराज था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर शहनवाज उर्फ साहिल की हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपी
ईश्वर उर्फ छोटू पिता रामचन्द्र आद्रा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम सिंदुरकिया, थाना बड़ावदा, जिला रतलाम।
पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक संतोष चौरसिया, निरीक्षक स्वराज डाबी, निरीक्षक मोहम्मद अयुब खान, निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर डीगा, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, उप निरीक्षक जगदीश कुमावत सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा एवं आरक्षक विपुल भावसार ने भी तकनीकी जांच में सहयोग किया।
What's Your Reaction?