रतलाम में MDMA के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल सहित 1.40 लाख का मशरूका जब्त
माणकचौक पुलिस की कार्रवाई, 9 ग्राम अवैध MDMA बरामद; NDPS एक्ट में मामला दर्ज
रतलाम।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माणकचौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 ग्राम MDMA के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी पकड़ा
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर शाहीद उर्फ कालिया पिता साबिर खान, उम्र 26 वर्ष, निवासी काजी हाउस के पास, काजीपुरा, रतलाम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 9 ग्राम MDMA बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक MP43 ZH 6633 और Nothing कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया।
यह सामान हुआ जब्त
9 ग्राम MDMA — अनुमानित कीमत 90 हजार रुपए
HF Deluxe बाइक — अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए
Nothing मोबाइल फोन — अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए
कुल जब्त मशरूका — करीब 1.40 लाख रुपए
मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क की जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से MDMA के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान सहित माणकचौक थाने की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?