बहन को बचाने कुएं में कूदा भाई, दोनों की डूबने से मौत
भमरहा-2 में दर्दनाक हादसा, इकलौती संतानों की मौत से परिवार में मचा कोहराम; प्रशासन ने 8 लाख की सहायता स्वीकृत
शहडोल/ब्यौहारी। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम भमरहा-2 में सोमवार को दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बहन और 14 वर्षीय भाई की कुएं में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। दोनों बच्चे अपने माता-पिता की इकलौती संतान बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शिवानी गोंड (13) घर के पास स्थित कुएं में नहा रही थी। पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरी। बहन को डूबता देख उसका भाई अमित सिंह गोंड (14) उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया। दोनों गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ब्यौहारी अस्पताल भेजा गया।
परिवार को मिलेगी 8 लाख की सहायता
हादसे के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। एसडीएम ब्यौहारी अर्चना मिश्रा के अनुसार, राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC 6-4) के प्रावधानों के तहत मृतक भाई-बहन के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की जा रही है। तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे ने भी सहायता संबंधी प्रकरण तैयार किए जाने की पुष्टि की है।
एक साथ बुझ गए घर के दो चिराग
अमित और शिवानी की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई द्वारा बहन को बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवाने की घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
What's Your Reaction?