पीरहिंगोरिया में मारपीट का वीडियो वायरल, सरपंच प्रतिनिधि ने बताई घटना की हकीकत; पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
जावरा। जावरा जनपद की ग्राम पंचायत पीरहिंगोरिया में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया है। घटना को लेकर सरपंच प्रतिनिधि ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत क्षेत्र में शासकीय नाली का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान सड़क पर पड़ी रेत और गिट्टी को लेकर विवाद शुरू हुआ।
बताया गया कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कुछ लोगों के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सड़क पर रखी रेत वहां से ले जाई जा चुकी थी। सरपंच प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी, जिसके बाद तत्काल विवाद शांत हो गया।
हालांकि, इसके बाद एक पक्ष अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसी दौरान हुई मारपीट का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया मामला
घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो सहित घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल गांव में विवाद को लेकर चर्चा का माहौल है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
What's Your Reaction?