5 क्विंटल से ज्यादा के चोरी के लोहे के पल्ले समेत 3आरोपी गिरफ्तार

Sep 9, 2026 - 20:24
 0  20
5 क्विंटल से ज्यादा के चोरी के लोहे के पल्ले समेत 3आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट----- आकाश नामदेव 

उमरिया। जिले में चोरी की एक वारदात का पुलिस ने महज कुछ ही समय में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ग्राम घघरी स्थित वेल्डिंग दुकान के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली की मरम्मत के लिए रखे करीब 5.5 क्विंटल लोहे के पल्ले चोरी कर लिए थे। पुलिस ने चोरी गया पूरा लोहा बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त किया है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 8.60 लाख रुपये बताई गई है।

मामला ग्राम घघरी स्थित कृष्णा वेल्डिंग वर्क का है। बरबसपुर निवासी तिलक राज विश्वकर्मा ने 8 सितंबर को चौकी सिविल लाइन, थाना कोतवाली उमरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली की मरम्मत के लिए लोहे के पल्ले रखे हुए थे। इनका कुल वजन करीब 5.5 क्विंटल और अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये थी। 5 सितंबर से 7 सितंबर के बीच अज्ञात व्यक्ति इन लोहे के पल्लों को चोरी कर ले गए।

रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। फरियादी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 473/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक उमरिया विजय भागवानी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा और एसडीओपी उमरिया पी.एस. परस्ते के मार्गदर्शन में सिविल लाइन चौकी पुलिस की टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने चोरी के आरोपियों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को तीन संदिग्धों के बारे में सुराग मिला। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने लोहे के पल्ले चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा 5.5 क्विंटल लोहा बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन क्रमांक MP 54 ZC 9271 को भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक बरामद लोहे के पल्लों की कीमत करीब 60 हजार रुपये है, जबकि जब्त पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 8.60 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी उमरिया जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल उमरिया में दाखिल कराया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow