कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर CM मोहन यादव ने अर्पित की पुष्पांजलि, कहा- सादगी और संगठन निष्ठा के आदर्श हैं ठाकरे जी

Sep 4, 2026 - 21:56
 0  8
कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर CM मोहन यादव ने अर्पित की पुष्पांजलि, कहा- सादगी और संगठन निष्ठा के आदर्श हैं ठाकरे जी
कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर CM मोहन यादव ने अर्पित की पुष्पांजलि, कहा- सादगी और संगठन निष्ठा के आदर्श हैं ठाकरे जी

कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर CM मोहन यादव ने अर्पित की पुष्पांजलि, कहा- सादगी और संगठन निष्ठा के आदर्श हैं ठाकरे जी

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भाजपा के पितृ पुरुष एवं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, भोपाल में स्थापित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे उच्च कोटि के रणनीतिकार और कुशल संगठक थे। उनका पूरा जीवन सादगी, अनुशासन, समर्पण और संगठन निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी शक्ति माना और उन्हें संस्कारित एवं प्रशिक्षित कर राष्ट्रहित तथा समाजसेवा के लिए तैयार किया।

उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन को मजबूत करने में ठाकरे जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके संगठनात्मक कौशल और विचारों के परिणामस्वरूप भाजपा आज देश के जन-जन तक पहुंचने वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठाकरे जी ने जिस विचार और संकल्प के साथ संगठन को मजबूत किया, उसे आगे बढ़ाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।

सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भाजपा की विचारधारा का मूल आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति की स्वीकार्यता का मूल आधार सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण भारत की सनातन संस्कृति के आराध्य हैं और उनकी जीवन गाथा त्याग, कर्तव्य, शिक्षा, पराक्रम एवं लोककल्याण की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति सभी को साथ लेकर चलने का संदेश देती है। समाज के प्रत्येक वर्ग का कल्याण और सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा इसी संस्कृति का मूल भाव है। सरकार गौरवशाली अतीत को वर्तमान से जोड़ते हुए सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के विकास पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने तथा श्रीराम वन गमन पथ के विकास पर कार्य किया जा रहा है। जानापाव में भगवान श्रीकृष्ण को परशुराम जी द्वारा सुदर्शन चक्र प्रदान किए जाने की मान्यता से जुड़े देवस्थान के विकास की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

PM मोदी के नेतृत्व में बढ़ा भारत का वैश्विक सम्मान

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में नई शक्ति और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और भारत दुनिया की उम्मीदों का केंद्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है और प्रत्येक जिले में कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे और जनसंघ के संस्थापक महापुरुषों ने जिस भारत की कल्पना की थी, वह आज साकार हो रही है। धारा-370 हटने जैसे ऐतिहासिक निर्णय और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा इसका प्रमाण हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुशाभाऊ ठाकरे की स्मृति में परिसर में आंवले का पौधा भी लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ठाकरे जी के सादगी, समर्पण, संगठन निष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री एवं सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, भोपाल महापौर मालती राय, पूर्व सांसद आलोक संजर, भोपाल जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow