शिक्षक अभ्यर्थियों ने रोका मोहन- शिव का काफिला

Sep 4, 2026 - 18:31
 0  107
शिक्षक अभ्यर्थियों ने रोका मोहन- शिव का काफिला
शिक्षक अभ्यर्थियों ने रोका मोहन- शिव का काफिला
शिक्षक अभ्यर्थियों ने रोका मोहन- शिव का काफिला

शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज,

 CM मोहन यादव. और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह का काफिला रोककर सौंपा ज्ञापन

वर्ग-1 में 8,720 पदों में से सिर्फ 2,901 पर नियुक्ति, अभ्यर्थियों ने 5,819 पदों पर दूसरी काउंसलिंग की उठाई मांग

भोपाल।

 मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि और दूसरी काउंसलिंग की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में वर्ग-1, वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का नीलम पार्क के पास काफिला रोककर ज्ञापन सौंपा। वहीं वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों ने बरखेड़ी के पास मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला रोककर पदवृद्धि की मांग का ज्ञापन दिया। 

तीन साल से पदवृद्धि की मांग

वर्ग-1 शिक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों का कहना है कि वे भर्ती में पद बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले करीब तीन साल से संघर्ष कर रहे हैं। नीलम पार्क में वर्ग-1 के अभ्यर्थी करीब 12 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका कहना है कि यह उनके चयन और नियुक्ति का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।

8,720 पदों में से 2,901 पर ही नियुक्ति

अभ्यर्थियों के अनुसार उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2023 में कुल 8,720 पद स्वीकृत/विज्ञापित किए गए थे। पहली काउंसलिंग में इनमें से केवल 2,901 पदों पर नियुक्ति हुई। अभ्यर्थियों का दावा है कि शेष 5,819 पदों पर अभी काउंसलिंग नहीं हुई है। उनका कहना है कि रिक्त पदों को भर्ती में शामिल कर दूसरी काउंसलिंग कराई जाए।

अभ्यर्थियों ने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में पहली बार पात्रता परीक्षा के बाद मुख्य चयन परीक्षा आयोजित हुई थी। उनके मुताबिक 8,720 विज्ञापित पदों में फ्रेश यानी नए पदों की संख्या केवल 5,052 थी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के ओवरएज होने की स्थिति को देखते हुए वे वर्तमान भर्ती में ही अवसर देने की मांग कर रहे हैं।

वर्ग-1 में 10 हजार नए पद बढ़ाने की मांग

अभ्यर्थियों ने वर्ग-1 में 10 हजार नए पद जोड़कर दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भर्ती करीब पांच साल के अंतराल के बाद हुई थी और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ओवरएज होने की स्थिति में हैं। ऐसे में वर्तमान भर्ती में पद बढ़ाकर अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाना चाहिए।

वर्ग-2 और वर्ग-3 में भी पद बढ़ाने की मांग

वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों की मांग है कि भर्ती में रिक्त पदों को शामिल कर पदों की संख्या बढ़ाई जाए और बढ़े हुए पदों पर दूसरी काउंसलिंग शुरू की जाए। आंदोलनकारी वर्ग-2 में कम से कम 10 हजार तथा वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। 

वर्ग-2 के अभ्यर्थियों ने विषय शिक्षक, खेल, संगीत, नृत्य, गायन और वादन सहित सभी विषयों में कम से कम 3 हजार पद बढ़ाने की मांग रखी है। साथ ही पदवृद्धि के बाद जल्द दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग की गई है।

15 हजार स्वीकृत पदों को मौजूदा भर्ती में जोड़ने की मांग

अभ्यर्थियों ने इसी बजट सत्र में स्वीकृत करीब 15 हजार शिक्षक पदों को वर्ग-2 और वर्ग-3 की मौजूदा भर्ती में समायोजित करने की मांग भी की है। उनका तर्क है कि इससे नई भर्ती और परीक्षा आयोजित करने में लगने वाला समय और सरकारी खर्च दोनों बचेंगे।

रिक्त पदों का भी दिया हवाला

अभ्यर्थियों ने सरकार को सौंपे ज्ञापन में स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में शिक्षक पद रिक्त होने का हवाला दिया है। उनके अनुसार 2024 की स्थिति में स्कूल शिक्षा विभाग में माध्यमिक शिक्षकों के करीब 99,197 और प्राथमिक शिक्षकों के करीब 1,31,152 पद रिक्त बताए गए थे। वहीं जनजातीय कार्य विभाग में माध्यमिक शिक्षकों के करीब 43,734 और प्राथमिक शिक्षकों के करीब 54,625 पद रिक्त होने का दावा किया गया है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पद खाली होने के बावजूद वर्तमान भर्ती सीमित पदों पर की जा रही है। उनका आरोप है कि इससे परीक्षा पास करने वाले कई योग्य अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हो रहे हैं।

सरकार के फैसले का इंतजार

शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का आंदोलन अब लगातार तेज होता जा रहा है। हाल के दिनों में वर्ग-1, वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों ने अलग-अलग चरणों में प्रदर्शन और भूख हड़ताल की है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सरकार की ओर से नई शिक्षक भर्ती के लिए भी पदों की तैयारी की जा रही है, जबकि आंदोलनकारी मौजूदा भर्ती में ही अतिरिक्त पद जोड़ने और दूसरी काउंसलिंग कराने की मांग पर अड़े हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow