साजिदा नगर में हत्या के प्रयास का 48 घंटे में खुलासा, कोहेफिजा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने साजिदा नगर में हुए हत्या के प्रयास और तोड़फोड़ के मामले का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार छुरियां, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा राउंड और दो दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को फरियादिया भुरी बाई ने थाना कोहेफिजा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात आरोपियों ने उसके घर के सामने अश्लील गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने छुरी, तलवार सहित घातक हथियारों से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया। शिकायत पर थाना कोहेफिजा में अपराध क्रमांक 634/2026 के तहत हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घोड़ीखेल को लेकर हुआ था विवाद
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल साजिदा नगर और आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि 30 अगस्त की रात करीब 10 से 11 बजे अजहर निवासी कबीटपुरा, मुन्नू निवासी कबीटपुरा और दानिश निवासी कच्ची मस्जिद, टीला जमालपुरा साजिदा नगर में रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर घोड़ीखेल खेल रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया और मारपीट हुई।
पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद का बदला लेने के उद्देश्य से करीब रात 12:30 बजे अजहर, मुन्नू और दानिश अपने 10-15 साथियों के साथ साजिदा नगर पहुंचे। आरोपियों के पास छुरी, तलवार सहित घातक हथियार थे। उन्होंने मोहल्ले में हंगामा करते हुए घरों के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और फरियादिया पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई।
साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मुखबिर सूचना, स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद दानिश खान, अनस खान, शमी कुरैशी, फरहान उर्फ शाहंशाह और आजम खान को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन लोहे की धारदार छुरियां, एक देशी कट्टा, एक जिंदा राउंड और दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। हथियार मिलने पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दानिश खान पर विभिन्न थानों में 18 अपराध, अनस खान पर 2, शमी कुरैशी पर 1, फरहान उर्फ शाहंशाह पर 1 और आजम खान पर 1 अपराध दर्ज है। पुलिस इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
What's Your Reaction?