बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आए कलेक्ट्रेट के लिपिक, 1000 पैकेट राहत सामग्री पहुंचाई चित्रकूट
सतना। चित्रकूट में आई बाढ़ आपदा के बीच प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जिला कलेक्ट्रेट के लिपिकों ने सराहनीय मानवीय पहल की। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कर्मचारियों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री तैयार कर चित्रकूट पहुंचाई।
कलेक्ट्रेट के लिपिकों ने करीब 500 भोजन के पैकेट तैयार किए, जिन्हें चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच वितरित कराया गया। इसके अलावा जरूरतमंदों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 500 पैकेट अन्य राहत सामग्री भी भेजी गई।
इस तरह कलेक्ट्रेट कर्मचारियों की ओर से कुल 1000 पैकेट राहत सामग्री बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचाई गई। संकट की घड़ी में मिली इस सहायता से प्रभावित परिवारों को भोजन के साथ जरूरी सामान भी उपलब्ध हो सका।
कर्मचारियों ने कहा कि आपदा के समय जरूरतमंदों की मदद करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
What's Your Reaction?