ब्राउन शुगर के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा वार

Oct 7, 2026 - 22:51
 0  10
ब्राउन शुगर के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा वार

80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 12 आरोपी गिरफ्तार, 12.81 लाख रुपए का मशरूका जब्त; PhonePe से पेमेंट और WhatsApp लोकेशन के जरिए होती थी डिलीवरी

विदिशा। 

शहर और जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप में विदिशा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली और सिविल लाइन पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 80 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, एक इलेक्ट्रिक ऑटो, एक मोबाइल फोन और 11,640 रुपए नकद सहित कुल 12 लाख 81 हजार 640 रुपए से अधिक का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई में नशे की सप्लाई के स्थानीय नेटवर्क के साथ इसकी बाहरी कड़ियों की जानकारी भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से राजगढ़ के खिलचीपुर होते हुए विदिशा तक ब्राउन शुगर पहुंचने की जानकारी पुलिस को मिली है। अब पुलिस सप्लायर, स्थानीय डीलर और वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

डिजिटल तरीके से होती थी डिलीवरी

पुलिस जांच में नशे की डिलीवरी का तरीका भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राहकों से PhonePe और अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान लेते थे। इसके बाद WhatsApp के माध्यम से संपर्क कर ग्राहक को लोकेशन भेजी जाती थी। तय स्थान पर पहुंचने के बाद ब्राउन शुगर की पुड़िया उपलब्ध कराई जाती थी।

इस तरीके से आरोपी सीधे संपर्क से बचने का प्रयास करते थे। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, WhatsApp संपर्क, कॉल डिटेल और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। इससे नेटवर्क में जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है।

कोतवाली पुलिस ने दो कार्रवाई में 60 ग्राम पकड़ी

थाना कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में 60 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

3 अक्टूबर को इंडस्ट्रियल पार्क रोड, जांबर बागरी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान मोर सिंह तंवर और नारायण कुशवाहा उर्फ बाबा के कब्जे से 20-20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। मामले में अपराध क्रमांक 654/2026 के तहत धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई।

दूसरी कार्रवाई ढोलखेड़ी, बैरसिया रोड पर की गई। यहां संदीप शर्मा और दिनेश मालवीय के कब्जे से 20 ग्राम ब्राउन शुगर और मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 650/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया।

सिविल लाइन पुलिस ने 20 ग्राम के साथ 4.81 लाख का माल पकड़ा

थाना सिविल लाइन पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में 20 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो, अपाचे मोटरसाइकिल और 21,640 रुपए नकद जब्त किए। कुल जब्ती करीब 4 लाख 81 हजार 640 रुपए की है।

एक मामले में योगेश सिंह अहिरवार, सरदार सिंह अहिरवार, विमला बाई, मोहर तंवर निवासी खिलचीपुर और रामप्रसाद के खिलाफ अपराध क्रमांक 755/2026 में धारा 8/21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं दूसरे मामले में ऋतिक कुशवाहा, अभिषेक करण और कैलाश वाल्मीकि के खिलाफ अपराध क्रमांक 759/2026 में धारा 8/21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

खुद नशा करने वाले भी बने नेटवर्क का हिस्सा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ आरोपी स्वयं भी मादक पदार्थों का सेवन करते थे। पुलिस के अनुसार नशे की लत के कारण कुछ लोग मादक पदार्थों की उपलब्धता और बिक्री से जुड़े नेटवर्क में शामिल हुए।

जांच में कुछ आरोपियों के बीच पारिवारिक और आपसी परिचितों के माध्यम से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है। पुलिस इन संबंधों और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की अलग-अलग जांच कर रही है।

झालावाड़ से खिलचीपुर और फिर विदिशा तक पहुंच रहा था नशा

पुलिस जांच में मादक पदार्थों की सप्लाई की बाहरी कड़ी भी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राजस्थान के झालावाड़ क्षेत्र से मादक पदार्थ राजगढ़ जिले के खिलचीपुर तक और वहां से विदिशा पहुंचाया जा रहा था। इसके बाद स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली है।

पुलिस अब सप्लाई चेन में शामिल अन्य संभावित लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग जुड़े हैं तथा मादक पदार्थों की सप्लाई किन-किन माध्यमों से की जा रही थी।

बैंक खातों और डिजिटल पेमेंट की भी पड़ताल

मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को भी पुलिस जांच के दायरे में लिया गया है। पुलिस बैंक खातों, PhonePe और अन्य डिजिटल लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। अवैध कारोबार से अर्जित राशि और उससे जुड़े आर्थिक स्रोतों की जांच के साथ संबंधित खातों को फ्रीज कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

एसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई

कार्रवाई पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश कैलाश मकवाना के आदेशानुसार, पुलिस महानिरीक्षक भोपाल देहात जोन रुचिवर्धन मिश्र और डीआईजी भोपाल देहात रेंज राजेश सिंह चंदेल के निर्देशन तथा एसपी रोहित काशवानी के मार्गदर्शन में की गई।

एएसपी मोनिका तिवारी और सीएसपी अतुल सिंह के नेतृत्व में कोतवाली एवं सिविल लाइन पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के साथ ही मादक पदार्थ और उससे जुड़े वाहनों व अन्य सामग्री को जब्त किया।

नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

विदिशा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ने और इसके पीछे काम कर रहे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस नशे के सप्लायर, डीलर, वितरण नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक स्रोतों की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन या सप्लाई से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस, नशा सूचना हेल्पलाइन 7587637635 या डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow