NH-44 पर एक करोड़ से अधिक की डकैती का 24 घंटे में खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

Sep 6, 2026 - 20:36
 0  9
NH-44 पर एक करोड़ से अधिक की डकैती का 24 घंटे में खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार
NH-44 पर एक करोड़ से अधिक की डकैती का 24 घंटे में खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

सिवनी पुलिस की बड़ी सफलता, 320 ग्राम सोना और 26 किलो चांदी समेत 1.11 करोड़ की संपत्ति बरामद

सिवनी, 6 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर आभूषण व्यवसायी से हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। बरामद माल में 320 ग्राम सोने के आभूषण, 26 किलो चांदी, नकदी, 2 मोटरसाइकिल और 7 मोबाइल फोन शामिल हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये बताई गई है।

मिर्ची पाउडर डालकर चाकू की नोक पर लूट

पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर की शाम थाना बंडोल क्षेत्र के ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने NH-44 पर आभूषण व्यवसायी को अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल से ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने व्यवसायी की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसके पास रखा करीब 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोने के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही बंडोल थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

10 पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में तत्काल 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को आरोपियों की तलाश और लूटे गए माल की बरामदगी के लिए अलग-अलग स्थानों पर रवाना किया गया।

पुलिस टीमों ने सिवनी के अलावा नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा और लखनादौन सहित विभिन्न क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान 200 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते वारदात के 24 घंटे के भीतर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया 320 ग्राम सोना और 26 किलो चांदी सहित घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में डकैती में लूटी गई 100 प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली गई है।

मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि गंभीर एवं संगठित अपराधों के खिलाफ तकनीक और मैदानी पुलिसिंग के समन्वय से त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। सिवनी पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी डकैती के मामले में तेज जांच और शत-प्रतिशत बरामदगी की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow