रायसेन में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 11 आरोपी गिरफ्तार
141.26 लीटर अवैध शराब और तीन मोटरसाइकिल जब्त, करीब 3000 लीटर लाहन किया नष्ट
रायसेन। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ रायसेन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में 9 सितंबर 2026 को ज्ञानपुरा गुलगांव के पारदी मोहल्ले में विशेष सर्चिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर 141.26 लीटर अवैध शराब और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। वहीं, कच्ची शराब बनाने के लिए तैयार करीब 3000 लीटर लाहन मौके पर नष्ट किया गया।
अभियान के लिए थाना सांची, थाना सलामतपुर, चौकी दीवानगंज और पुलिस कंट्रोल रूम रायसेन के पुलिस बल की संयुक्त टीम गठित की गई थी। सर्चिंग अभियान सुबह करीब 4 बजे शुरू हुआ। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े संदिग्धों को हिरासत में लिया।
68 हजार रुपये की शराब जब्त
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुल 141.26 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 68 हजार रुपये है, बरामद की गई। इसके अलावा करीब 2 लाख रुपये कीमत की तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
थाना सांची पुलिस ने धौलसिंह मोगिया के कब्जे से 55.980 लीटर देशी शराब और एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की। इसके अलावा निर्मल मोगिया, राजा मोगिया, पप्पू मोगिया और गोपाल उर्फ पराग मोगिया से कच्ची शराब बरामद की गई।
वहीं थाना सलामतपुर पुलिस ने शेखर मोगिया और उमेश मोगिया के कब्जे से 54 लीटर देशी शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की। रोकी मोगिया और राजबाबू मोगिया के पास से भी देशी शराब बरामद की गई। पप्पू उर्फ प्रकाश मोगिया और अरुण उर्फ अजय मोगिया के कब्जे से एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
फरार आरोपियों पर भी कसा शिकंजा
पुलिस की कार्रवाई के दौरान संपत्ति संबंधी अपराधों में फरार चल रहे आरोपियों की भी धरपकड़ की गई। पुलिस के अनुसार शेखर मोगिया के खिलाफ थाना सांची में स्थायी वारंट सहित मारपीट का मामला तथा सलामतपुर थाने में वाहन चोरी का प्रकरण लंबित है। उमेश मोगिया के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज है। वहीं पप्पू उर्फ प्रकाश मोगिया और अरुण उर्फ अजय मोगिया के खिलाफ लूट के मामले लंबित बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं एक महिला भीकनबाई के कब्जे से 7 लीटर कच्ची शराब बरामद होने पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई में एसडीओपी रायसेन प्रतिभा शर्मा, थाना प्रभारी सांची निरीक्षक रामबिलोचन शर्मा, थाना प्रभारी सलामतपुर उप निरीक्षक श्यामराम सिंह, चौकी प्रभारी दीवानगंज उप निरीक्षक सुनील शर्मा सहित दोनों थानों के पुलिस बल और पुलिस कंट्रोल रूम रायसेन के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?