MP Police Academy में 46वें DSP बैच का प्रशिक्षण शुरू, 17 प्रशिक्षु अधिकारियों को दी जाएगी आधुनिक पुलिसिंग की ट्रेनिंग

Sep 6, 2026 - 20:33
 0  2
MP Police Academy में 46वें DSP बैच का प्रशिक्षण शुरू, 17 प्रशिक्षु अधिकारियों को दी जाएगी आधुनिक पुलिसिंग की ट्रेनिंग
MP Police Academy में 46वें DSP बैच का प्रशिक्षण शुरू, 17 प्रशिक्षु अधिकारियों को दी जाएगी आधुनिक पुलिसिंग की ट्रेनिंग

भोपाल, 6 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में 46वें उप पुलिस अधीक्षक (DSP) बैच के बुनियादी प्रशिक्षण की शुरुआत हो गई है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता पुलिस अकादमी के निदेशक एवं विशेष पुलिस महानिदेशक रवि कुमार गुप्ता ने की। इस बैच में कुल 17 प्रशिक्षु अधिकारी, जिनमें 6 पुरुष और 11 महिला अधिकारी शामिल हैं, प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच पर जोर

उद्घाटन सत्र में प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए रवि कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रभावी पुलिस अधिकारी बनने के लिए अच्छा श्रोता होना, फील्ड वर्क की समझ, बेहतर वर्क मैनेजमेंट और प्रशासनिक निर्णय लेने की क्षमता जरूरी है। उन्होंने कानून-व्यवस्था के प्रभावी प्रबंधन के साथ वैज्ञानिक तरीके से अपराध अनुसंधान पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से पुलिस सेवा में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही बदलते समय के अनुरूप आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाकर प्रभावी एवं परिणामदायी पुलिसिंग करने के लिए प्रेरित किया।

BNS, BNSS और BSA समेत कई विषयों की ट्रेनिंग

46वें DSP बैच के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में पारंपरिक पुलिसिंग के साथ आधुनिक, तकनीक आधारित और जन-केंद्रित पुलिसिंग को शामिल किया गया है।

प्रशिक्षुओं को भारतीय संविधान एवं मानव अधिकार, नीतिशास्त्र एवं नैतिकता, अपराधशास्त्र, व्यक्तित्व विकास, मानव व्यवहार, पुलिस प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA), अपराध अनुसंधान और प्रभावी पुलिसिंग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारी और प्रशिक्षु अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अकादमी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव, सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) रश्मि पाण्डेय, सहायक निदेशक एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक पीटीएस भोपाल यास्मीन जहरा सहित अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी और स्टाफ मौजूद रहे। इस दौरान 45वें एवं 46वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के प्रशिक्षु अधिकारी भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow