भोपाल में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 24.130 किलो अवैध गांजा बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार

Aug 5, 2026 - 12:05
 0  28
भोपाल में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 24.130 किलो अवैध गांजा बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन जब्त

भोपाल। गृहमंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत भोपाल क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 24.130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक शहर में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान और सहायक पुलिस आयुक्त चंद्रभान सिंह चढार के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम को तस्करों की तलाश में लगाया गया था।

मुखबिर की सूचना पर नेहरू नगर में दबिश

पुलिस को 3 अगस्त 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि हिल्स व्यू गार्डन के पीछे, नेहरू नगर स्थित खाली मैदान के पास एक ग्रे/सिल्वर रंग की स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी है। कार में दो व्यक्ति बैठे हैं और उसकी डिग्गी में गांजा रखा हुआ है। दोनों आरोपी गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के अनुसार कार की तलाश की। पुलिस को हिल्स व्यू गार्डन के पास फुटपाथ पर एक स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी मिली, जिसमें दो व्यक्ति बैठे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

कार की डिग्गी से मिला 24 किलो से ज्यादा गांजा

पूछताछ में आरोपियों की पहचान मुस्ताक अली (44) निवासी वकील कॉलोनी, करोद और आदिल अली (27) निवासी मोतीलाल नगर, करोद के रूप में हुई। पुलिस ने कार की डिग्गी की तलाशी ली तो सफेद रंग की बोरी में मादक पदार्थ बरामद हुआ। तौल करने पर उसका कुल वजन 24.130 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने गांजा, स्विफ्ट डिजायर कार और तीन मोबाइल फोन विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से गांजे के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

दोनों आरोपियों का नहीं मिला आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुस्ताक अली कार चालक है, जबकि आदिल अली सीसीटीवी कैमरा इंस्टॉलेशन का काम करता है। दोनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

पुलिस की आमजन से अपील

भोपाल पुलिस ने ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में उनि. जसवंत सिंह, प्रआर. कुंवर बहादुर, आर. देवेन्द्र पलोदिया, आर. पवनेश कुमार, आर. विवेक नामदेव, आर. मलखान, आर. जितेन्द्र चंदेल, आर. एन.पी. करपात्री, आर. रणधीर सिंह और म.आर. पूजा यादव की सराहनीय भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow