मूंग खरीद, स्वास्थ्य व्यवस्था और दतिया उपचुनाव पर सरकार घिरी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रेसवार्ता में उठाए कई जनहित के मुद्दे, किसानों की पूरी मूंग MSP पर खरीदने की मांग
भोपाल,
मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार पर किसानों, स्वास्थ्य सेवाओं और जनहित के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने मूंग किसानों की पूरी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने, स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और दतिया उपचुनाव सहित कई विषयों पर सरकार से जवाब मांगा।
सिंघार ने कहा कि प्रदेश के मूंग किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। उनका आरोप है कि उत्पादन के मुकाबले सरकार ने खरीद का लक्ष्य काफी कम रखा है, जिससे किसानों को अपनी उपज औने-पौने दाम पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार हर किसान की पूरी मूंग MSP पर खरीदे और खरीद लक्ष्य बढ़ाए।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने इंदौर के खजराना क्षेत्र में कथित "भूतिया अस्पताल" का मुद्दा उठाया। उनका आरोप था कि अस्पताल केवल कागजों में संचालित हो रहा है, जबकि जनता को डॉक्टर और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सिंघार ने दावा किया कि कांग्रेस यह चुनाव जीतेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक षड्यंत्र के तहत कांग्रेस विधायक की सदस्यता रद्द कराई है और जनता इसका जवाब उपचुनाव में देगी।
प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, मरीजों और आमजन से जुड़े मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी।
What's Your Reaction?