कॉलेज की बस की फिटनेस 5 महीने से खत्म, रोज 50 विद्यार्थी कर रहे सफर

Oct 15, 2026 - 23:41
 0  5
कॉलेज की बस की फिटनेस 5 महीने से खत्म, रोज 50 विद्यार्थी कर रहे सफर

खराब सीटों और सुरक्षा व्यवस्था पर छात्रों ने जताई नाराजगी, प्रोफेसरों के भोपाल से अप-डाउन का मुद्दा भी उठाया

रायसेन। 

शासकीय पीएम श्री एक्सीलेंस कॉलेज में विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कॉलेज में संचालित बस की फिटनेस वैधता समाप्त होने के करीब पांच महीने बाद भी उसका संचालन किए जाने का आरोप है। बस से रोजाना करीब 50 विद्यार्थी सफर करते हैं। बस की सीटें भी फटी और उखड़ी हुई हैं। इन समस्याओं को लेकर गुरुवार को विद्यार्थियों ने विरोध जताते हुए प्राचार्य यूनुस खान को ज्ञापन सौंपा और व्यवस्था में सुधार की मांग की।

विद्यार्थियों के अनुसार, बस की फिटनेस वैधता 4 मई 2026 को समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद बस का संचालन जारी है। छात्रों ने बस के अंदर की खराब स्थिति दिखाते हुए कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी इसी बस से आवागमन करते हैं। ऐसे में बस की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच कराना जरूरी है। विद्यार्थियों ने मांग की कि फिटनेस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बस की स्थिति पर सवाल, भुगतान को लेकर भी नाराजगी

विद्यार्थियों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि बस की हालत खराब होने और फिटनेस वैधता समाप्त होने के बावजूद बस संचालक को पूरा भुगतान किया गया है। छात्रों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बस की स्थिति की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बस का संचालन नियमों के अनुरूप होना चाहिए।

पढ़ाई प्रभावित होने का भी लगाया आरोप

बस की समस्या के साथ विद्यार्थियों ने कॉलेज के कुछ प्रोफेसरों के भोपाल से अप-डाउन करने का मुद्दा भी उठाया। छात्रों का आरोप है कि स्टाफ के आने-जाने की व्यवस्था के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। इस संबंध में प्राचार्य यूनुस खान ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार अप-डाउन करने वाले प्रोफेसरों ने रायसेन में भी किराए पर कमरे ले रखे हैं और वे रायसेन में ही रहते हैं।

विद्यार्थियों ने ज्ञापन के माध्यम से बस की फिटनेस, खराब सीटों और परिवहन व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। प्राचार्य ने ज्ञापन पर आगे कार्रवाई करने की बात कही है। अब कॉलेज प्रबंधन की ओर से बस की फिटनेस और विद्यार्थियों की सुरक्षा के संबंध में क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow