सामान्य डिलीवरी के बाद महिला की संदिग्ध मौत
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
जन्म देने के बाद इंजेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत
आईसीयू में उपचार के दौरान मौत
विदिशा,
जिला अस्पताल में नवजात को जन्म देने के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. परिजनों ने अस्पताल में सामान्य डिलीवरी होने के बाद इंजेक्शन दिए जाने और इसके बाद महिला की तबीयत बिगडऩे का आरोप लगाया है. महिला के शव का पीएम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा. जानकारी के अनुसार बंटी नगर निवासी करीब 30 वर्षीय संगीता पत्नी त्रिलोक लोधी को प्रसव पीड़ा के बाद परिजन सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे. एंबुलेंस से अस्पताल लाते समय महिला की सामान्य डिलीवरी हुई, जिसमें बच्ची का जन्म हुआ. इसके बाद जच्चा-बच्चा दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. परिजनों के अनुसार उस समय दोनों स्वस्थ थे.अस्पताल में परिजनों को बताया गया कि संगीता के तीन बच्चे हो चुके हैं, इसलिए नसबंदी कराई जा सकती है. महिला और उसके पति की सहमति के बाद नसबंदी की गई. सोमवार दोपहर संगीता के पेट में दर्द होने पर उसे इंजेक्शन दिए गए. परिजनों का आरोप है कि एक के बाद दूसरा और फिर तीसरा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत बिगडऩे लगी. गंभीर स्थिति में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
जच्चा-बच्चा स्वस्थ थे तो मौत कैसे हुई?
परिजनों ने सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि डिलीवरी के बाद महिला और नवजात दोनों स्वस्थ थे, ऐसे में अचानक महिला की हालत बिगडऩे और मौत का कारण सामने आना जरूरी है. परिजनों के अनुसार संगीता के पहले से एक बेटा और एक बेटी हैं तथा तीसरे बच्चे के रूप में बेटी का जन्म हुआ था. शाम करीब 6.30 बजे परिजनों को महिला की मौत की जानकारी दी गई, जबकि उनका आरोप है कि इससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. इस मामले में जिला अस्पताल के सिविल सजर्न डाक्टर अनूप वर्मा ने बताया कि दोपहर को महिला की शाम को चक्कर आने की समस्या आई जिसको आईसीयू में भर्ती कराया गया. जहां पर इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. उन्होंने बताया की मंगलवार को पीएम कराया जाएगा. जिसकी रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे.
What's Your Reaction?