जाखा के 30 फीट ऊंचे पुल पर भीषण हादसा: कार के ऊपर चढ़ा पार्सल ट्रक, तीन लोग फंसे

Aug 21, 2026 - 20:01
 0  21
जाखा के 30 फीट ऊंचे पुल पर भीषण हादसा: कार के ऊपर चढ़ा पार्सल ट्रक, तीन लोग फंसे

रायसेन। भोपाल रोड स्थित जाखा के करीब 30 फीट ऊंचे पुल पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पार्सल ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पार्सल ट्रक कार के ऊपर जा चढ़ा। हादसे के बाद कार में सवार तीन लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही सैंडोरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र दायमा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव के लिए हाइड्रा की मदद ली गई। हाइड्रा से ट्रक को कार के ऊपर से हटाने के बाद कटर मशीन से कार को काटकर चालक समेत तीनों लोगों को बाहर निकाला गया।

कार बुरी तरह पिचकी, चालक का पैर फंसा

टक्कर में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक का पैर वाहन के अंदर फंस गया था, जिसे कटर मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि कार सवार तीनों लोग गंजबासौदा निवासी हैं और भोपाल से इलाज कराकर वापस लौट रहे थे।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

दुर्घटना पुल के बीच में होने के कारण भोपाल रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को व्यवस्थित कराया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में कार सवारों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच के बाद सामने आएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow