MP Police Action: 15 दिन में 1.50 करोड़ से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद, कई गिरोहों का खुलासा

Aug 5, 2026 - 21:12
 0  25
MP Police Action: 15 दिन में 1.50 करोड़ से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद, कई गिरोहों का खुलासा
MP Police Action: 15 दिन में 1.50 करोड़ से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद, कई गिरोहों का खुलासा

भोपाल,

मध्य प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पिछले 15 दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 1 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक कीमत की चोरी की संपत्ति बरामद की है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, वाहन, नकदी और अन्य सामान शामिल हैं।

इंदौर में 34 लाख से ज्यादा की संपत्ति बरामद

इंदौर के लसूडिया थाना पुलिस ने ई-ऑटो में पहले से सवारी बैठाकर यात्रियों के बैग से सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने आरोपियों से सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा ई-ऑटो सहित करीब 24 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की।

वहीं जूनी इंदौर पुलिस ने घरों में केयरटेकर बनकर चोरी करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर दो नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया। आरोपी से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई। दोनों मामलों में कुल 34 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।

उज्जैन और कटनी में भी बड़ी बरामदगी

उज्जैन के खाचरोद में पुलिस ने चोरी के मामले में मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 33 लाख रुपए के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।

कटनी के बरही थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 25 लाख रुपए के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार जब्त की गई।

गुना में अंतरराज्यीय गिरोह के 11 आरोपी गिरफ्तार

गुना पुलिस ने भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी करने वाले आगरा के दो अंतरराज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश किया। मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से दो मंगलसूत्र और दो कार सहित करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति बरामद हुई।

अशोकनगर में चैन स्नैचिंग और चोरी का खुलासा

अशोकनगर पुलिस ने चोरी की वारदात में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की सामग्री और दो मोटरसाइकिल सहित करीब 13.35 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की। इसके अलावा दिनदहाड़े हुई चैन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए दो अंतरजिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से करीब 6 लाख रुपए कीमत की दो सोने की चेन बरामद हुईं।

अन्य जिलों में भी पुलिस की कार्रवाई

खरगोन में जेब से मोबाइल चोरी करने वाले पारदी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर नौ महंगे मोबाइल और बाइक सहित करीब 4.55 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की गई।

भोपाल ग्रामीण में एसआईटी ने 12 मंदिर चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 16 चांदी के मुकुट सहित करीब 4 लाख रुपए की संपत्ति बरामद हुई।

जीआरपी जबलपुर ने भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 3.52 लाख रुपए के चोरी के आभूषण बरामद किए।

शाजापुर में बेरछा, सुनेरा और मोहन बड़ोदिया पुलिस ने अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा कर कुल करीब 2.58 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की। खंडवा के मोरटक्का में लोहे की सेंटरिंग प्लेट चोरी के मामले में करीब 2.20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त हुई।

छिंदवाड़ा के उमरानाला में तीन चोरी के मामलों का खुलासा कर करीब 1.50 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की गई। वहीं राजगढ़ के सारंगपुर में ऑपरेशन चक्षु के तहत बस में बैग चोरी की घटना का खुलासा करते हुए करीब 62 हजार रुपए की चोरी गई संपत्ति जब्त की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से अपराधियों पर शिकंजा

मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों, त्वरित विवेचना और प्रभावी पुलिसिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस का लक्ष्य चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने के साथ ही बरामद संपत्ति पीड़ितों को वापस दिलाना है। प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow