MP Weather Update: मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर, मंडला में नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया, जबकि डिंडोरी में कच्चा मकान गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई
बारिश के कारण नदी किनारे बसे 7 परिवारों को रैन बसेरा में शिफ्ट किया गया है। वहीं सक्का गांव के पास वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात भी प्रभावित रहा।
मंडला में नर्मदा नदी खतरे के निशान के ऊपर
मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा। रविवार सुबह 9 बजे जलस्तर 435 मीटर था, जो शाम 4 बजे तक बढ़कर 437.6 मीटर पहुंच गया। नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी और छोटा पुल (रपटा) भी डूब गया।
उमरिया में संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के 5 गेट 11 मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा गया। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
लगातार बारिश के कारण विदिशा जिले के पठारी क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर हैं। पठारी-छपारा मार्ग पर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बनी। इसके बावजूद कुछ लोग पुल पार करते हुए दिखाई दिए।
भारी बारिश को देखते हुए डिंडोरी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने 10 अगस्त को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। आदेश CBSE, नवोदय, केंद्रीय विद्यालय और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर भी लागू रहेगा। हालांकि शिक्षक और अन्य कर्मचारी विद्यालयीन समय में कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दतिया, रीवा और सीधी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का नया दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक औसत से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि ग्वालियर, भिंड, बुरहानपुर, देवास और खरगोन में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
जबलपुर-मंडला मार्ग करीब 8 घंटे प्रभावित
जलभराव के चलते जबलपुर-मंडला मार्ग करीब 8 घंटे तक प्रभावित रहा। दोपहर 2 बजे के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य होने की जानकारी सामने आई।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
What's Your Reaction?