भोपाल में 4 से 7 दिसंबर तक सजेगा आलमी तब्लीगी इज्तिमा, तैयारियों में जुटा प्रशासन

Oct 15, 2026 - 21:39
 0  7
भोपाल में 4 से 7 दिसंबर तक सजेगा आलमी तब्लीगी इज्तिमा, तैयारियों में जुटा प्रशासन

भोपाल। 

राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी में इस वर्ष आलमी तब्लीगी इज्तिमा 4 से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को संभागायुक्त कार्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में आईजी शैलेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन और इज्तिमा समिति के पदाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा, ट्रैफिक और सीसीटीवी पर विशेष जोर

बैठक के दौरान आईजी शैलेंद्र सिंह चौहान ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के कड़े निर्देश दिए। इज्तिमा स्थल पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। देश-विदेश से आने वाली जमातों (श्रद्धालुओं) की सहूलियत के लिए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस को विस्तृत प्लान बनाने को कहा गया है।

हेल्थ, फूड सेफ्टी और 'मिनट-टू-मिनट' एक्शन प्लान

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए कि इज्तिमा स्थल पर सभी नागरिक सुविधाएं समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम कम से कम रखने को कहा गया है। खाद्य पदार्थों और पीने के पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए फूड सेफ्टी अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही संभागायुक्त ने सभी विभागों को मिनट-टू-मिनट एक्शन प्लान तैयार कर उसी के अनुरूप काम करने और इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन का सेफ्टी ऑडिट कराने की हिदायत दी है। आयोजन के दौरान वालंटियर्स की सूची तैयार कर उन्हें सभी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी ताकि जमातों को तत्काल मार्गदर्शन मिल सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow