भीम आर्मी के नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, 'घर वापसी' के लिए मिले 600 से ज्यादा आवेदन

Oct 15, 2026 - 19:34
 0  29
भीम आर्मी के नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, 'घर वापसी' के लिए मिले 600 से ज्यादा आवेदन

भोपाल। 

मध्य प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की कवायद के बीच भीम आर्मी के कई प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में इन नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी मौजूद रहे।

पार्टी में शामिल होने वालों में भीम आर्मी के प्रदेश सचिव विलास पटेल, प्रदेश महासचिव सत्येंद्र विमल, विधि प्रभारी डकेश पाटिल, विधानसभा अध्यक्ष नागेश, जिला अध्यक्ष रंजीत दामले, जिला उपाध्यक्ष नीलेश हेरोडे और प्रकाश वानखेड़े समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

संविधान और सामाजिक न्याय के लिए खुला है मंच: जीतू पटवारी

इस मौके पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति का स्वागत करती है। उन्होंने पार्टी से जुड़े सभी नए साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

'घर वापसी' अभियान को मिल रहा बंपर रिस्पॉन्स

कांग्रेस पार्टी ने उन नेताओं और कार्यकर्ताओं को वापस जोड़ने के लिए 'घर वापसी' अभियान शुरू किया है जो किसी वजह से पार्टी से दूर हो गए थे। जिला कांग्रेस कमेटियों के समन्वय से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 600 से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं।

खास बात यह है कि इन आवेदनों में 200 से अधिक वर्तमान और पूर्व जिला अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया है कि इन नेताओं की वापसी पर जिला कमेटियों की सहमति और विचार-विमर्श के बाद ही उचित समय पर फैसला लिया जाएगा।

कांग्रेस इस पहल के जरिए पुराने साथियों को साथ लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक धारदार बनाने की तैयारी में है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow