रक्षाबंधन पर सांसद आलोक शर्मा को बहनों ने बांधी जनकल्याणकारी योजनाओं वाली राखी
भोपाल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर विधानसभा स्थित सिंधी कम्युनिटी हॉल में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भावपूर्ण संगम देखने को मिला। यहां सैकड़ों बहनों ने भोपाल सांसद आलोक शर्मा को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि बहनों ने केंद्र एवं मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश देने वाली विशेष राखियां सांसद शर्मा की कलाई पर बांधीं। सांसद ने भी बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की और रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में उपहार भेंट किए।
इस दौरान सांसद आलोक शर्मा ने बहनों से संवाद कर प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना, निःशुल्क राशन योजना, लाड़ली बहना योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। उन्होंने बहनों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
सांसद शर्मा ने कहा कि बहनें केवल राखी नहीं, बल्कि विश्वास और स्नेह का अटूट बंधन बांधती हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और सशक्तिकरण ही उनका सबसे बड़ा रक्षाबंधन संकल्प है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री एवं संयोजक राकेश कुकरेजा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रियंका मिश्रा, पार्षद सरोज आसेरी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
What's Your Reaction?