ओवैसी का UCC पर हमला, बोले- अल्पसंख्यकों के अधिकार खत्म करने की साजिश

Sep 16, 2026 - 16:02
 0  13
ओवैसी का UCC पर हमला, बोले- अल्पसंख्यकों के अधिकार खत्म करने की साजिश

भोपाल। AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि UCC के जरिए देश के करीब 18 करोड़ मुस्लिमों को निशाना बनाया जा रहा है और संविधान के अनुच्छेद 26 और 29 में मिले अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

ओवैसी ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुस्लिमों की तुलना में आदिवासी आबादी अधिक है, लेकिन UCC के दायरे से आदिवासियों को बाहर रखा गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समान नागरिक संहिता सभी के लिए है तो अलग-अलग समुदायों के लिए अलग प्रावधान क्यों किए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि UCC के तहत मुस्लिमों पर हिंदू मैरिज एक्ट जैसे प्रावधान लागू किए जा रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी UCC लागू किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में मस्जिदों और कब्रिस्तानों को नुकसान पहुंचाए जाने का भी आरोप लगाया।

यूपी चुनाव को लेकर बोले- गठबंधन के लिए तैयार

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर ओवैसी ने कहा कि AIMIM कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी के साथ गठबंधन के लिए तैयार है। ओवैसी ने यह भी कहा कि भाजपा की तीसरी बार सरकार नहीं बननी चाहिए।

‘बालिग को अपनी पसंद से शादी का अधिकार’

लव जिहाद के मुद्दे पर ओवैसी ने कहा कि बालिग व्यक्ति अपनी पसंद से शादी करने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने कहा कि मोहब्बत को धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।

सागर शराब कांड पर सरकार से सवाल

सागर शराब कांड का जिक्र करते हुए ओवैसी ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि लोगों को शराब कौन पिला रहा है और इसकी जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब से जुड़े मामलों में सरकार को जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow