दो दिन से बंद था क्लीनिक, मालिक ने खोला तो अंदर मिला शव
नकतरा में क्लीनिक संचालक सुनील सिलावट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; अकेले रहते थे, देवनगर पुलिस ने शुरू की जांच
रायसेन। जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर सागर रोड स्थित नकतरा कस्बे में मंगलवार रात एक निजी क्लीनिक संचालक का शव क्लीनिक परिसर में मिलने से सनसनी फैल गई। क्लीनिक पिछले दो-तीन दिनों से बंद था। मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान मालिक दिनेश साहू को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में क्लीनिक खोला गया तो अंदर संचालक सुनील सिलावट का शव मिला।
जानकारी के अनुसार सुनील सिलावट पिछले 5-6 वर्षों से नकतरा में क्लीनिक चला रहे थे और क्लीनिक परिसर में ही रहते थे। वह मूल रूप से बैरसिया क्षेत्र के नजीराबाद के रहने वाले बताए गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक वे यहां अकेले रहते थे। लोगों ने उनके नशे का आदी होने की बात भी बताई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मौके पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों की भीड़ जुटी
शव मिलने की सूचना फैलते ही देवनगर पुलिस मौके पर पहुंची। क्लीनिक के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके की जांच के बाद पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजने की कार्रवाई की।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पिछले दो-तीन दिनों में सुनील की गतिविधियों, क्लीनिक के अंदर की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की संभावना है। मामला देवनगर थाना क्षेत्र की नकतरा चौकी का है।
What's Your Reaction?