6 किमी सड़क के लिए 5 साल से गुहार, बारिश में कीचड़ से स्कूल जाते हैं बच्चे

Sep 8, 2026 - 23:24
 0  8
6 किमी सड़क के लिए 5 साल से गुहार, बारिश में कीचड़ से स्कूल जाते हैं बच्चे

मेढ़की पंचायत के भोई कॉलोनी, कालीदांत, सूखासेन और सुआखेड़ी के ग्रामीण पहुंचे जनसुनवाई में; बोले- कच्चे रास्ते पर एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती

रायसेन | 8 सितंबर 2026

कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में मेढ़की ग्राम पंचायत के भोई कॉलोनी, कालीदांत, सूखासेन और सुआखेड़ी गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क की मांग को लेकर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के पास पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से सलामतपुर सड़क तक करीब 6 किलोमीटर का रास्ता वर्षों से कच्चा है। बारिश के दिनों में रास्ते पर कीचड़ होने से आवागमन पूरी तरह मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि कच्चे रास्ते के कारण बच्चों को बारिश में कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है। दोपहिया वाहन तक कई जगह नहीं निकल पाते। ऐसे में किसी ग्रामीण के बीमार होने या आपात स्थिति में एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों को पैदल या अन्य साधनों से मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। उन्होंने दावा किया कि रास्ते की समस्या के कारण स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में देरी होने से गांव की दो महिलाओं की मृत्यु भी हो चुकी है।

2021 और 2023 में भी दिया था आवेदन

ग्रामीणों ने बताया कि पक्की सड़क निर्माण के लिए 17 अगस्त 2021 और 5 सितंबर 2023 को जनसुनवाई में आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कलेक्टर से भोई कॉलोनी से सलामतपुर तक करीब 6 किमी पक्की सड़क का निर्माण योजनांतर्गत कराने की मांग की है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई में कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मामलों की वस्तुस्थिति की जांच कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow