ब्यावरा में NH-46 पर दर्दनाक हादसा: कंटेनर ने गायों के झुंड को मारी टक्कर, दो की मौत

Sep 8, 2026 - 23:33
 0  10
ब्यावरा में NH-46 पर दर्दनाक हादसा: कंटेनर ने गायों के झुंड को मारी टक्कर, दो की मौत

ब्यावरा। भोपाल-ब्यावरा नेशनल हाईवे-46 पर मंगलवार रात करीब 9 बजे पगारी बंगले के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क पर मौजूद गायों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गायें घायल बताई गई हैं।

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार

घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर मृत गायों के शव पड़े होने के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। ग्रामीणों ने बुलडोजर की मदद से मृत गायों के शवों को सड़क से हटाया।

सड़क पर संकेतक बोर्ड नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक पगारी बंगले के पास सड़क घुमावदार है और यहां पर्याप्त सांकेतिक चेतावनी बोर्ड नहीं लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शी राकेश दांगी ने बताया कि सड़क पर स्पष्ट चेतावनी संकेत नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से वाहन तेज गति से गुजरते हैं, ऐसे में अचानक सड़क पर पशु आ जाने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

पुलिस ने शुरू की कंटेनर चालक की तलाश

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मलावर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया के अनुसार हादसे के बाद कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

ग्रामीणों ने हाईवे के इस हिस्से में पशु आवागमन और सड़क सुरक्षा को लेकर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। हाल के दिनों में ब्यावरा क्षेत्र के हाईवे पर सड़क हादसों की घटनाएं सामने आती रही हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow