जुआरियो को पकड़ने मजदूर बनी पुलिस ,6 जुआरी गिरफ्तार
शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र में जंगल के बीच चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। हिंदुस्तान मेल द्वारा अमलाई थाना क्षेत्र में बंद कमरे में जुआ खेलने का लाइव वीडियो सामने लाते हुए वायरल की गई थी। खबर के बाद हरकत में आई अमलाई पुलिस ने बिछिया के जंगल में चल रहे जुए के फड़ तक पहुंचने के लिए अनोखी रणनीति अपनाई।
जुए के फड़ तक पहुंचने अमलाई पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि जुआरियों को भनक तक नहीं लगी,पुलिसकर्मी मजदूर बनकर त्रिपाल से ढककर मालवाहक वाहन में सवार हुए और सीधे जुए के अड्डे तक जा पहुंचे। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की, फड़ पर भगदड़ मच गई, 6 जुआरी रंगे हाथों पकड़े गए, जबकि दो मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 30 हजार रुपये नकद, 4 मोबाइल और 4 बाइक भी जब्त की हैं।
पुलिसकर्मी मजदूरों का रूप धारण कर एक मालवाहक वाहन में सवार हुए,वाहन के ऊपर त्रिपाल लगाकर पुलिसकर्मी उसके अंदर बैठ गए और मजदूर बनकर जुए के फड़ तक पहुंचे, मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए,
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, 4 मोबाइल फोन और 4 बाइक बरामद की गई हैं। इस मामले में कुल 8 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में पुनीत गौतम, उत्तम कहार, अमित चौहान, सुनील कुमार राव, दीपक चतुर्वेदी और अतीक अंसारी शामिल बताए गए हैं। वहीं अब्दुल रहमान और अनिल मंडल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 13 सार्वजनिक द्यूत अधिनियम एवं धारा 112(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार जुए के फड़ पर नाल निकालकर खाई करने की बात भी सामने आई है। कार्रवाई के बाद गिरफ्तार 6 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?