हाईवे किनारे मिले 20 पशु, 4 बैलों की मौत; 10 से ज्यादा घायल
विहिप ने गो-तस्करी की आशंका जताई, पुलिस और पशु चिकित्सकों ने मौके पर पहुंचकर शुरू कराया उपचार
रायसेन।
सांची थाना क्षेत्र में मेहगांव के पास गुरुवार सुबह हाईवे किनारे करीब 20 पशु पड़े मिले। इनमें चार बैलों की मौत हो चुकी थी, जबकि 10 से अधिक गाय और बछड़े घायल अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजेश लोधी सहित कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने सांची पुलिस और पशु चिकित्सालय को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सांची थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद विहिप कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सालय की मदद से पशुओं को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और घायल पशुओं का उपचार शुरू कराया। मृत चार बैलों को वहां से हटाने की व्यवस्था भी की गई।
पैर बंधे होने से जताई गो-तस्करी की आशंका
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजेश लोधी ने बताया कि गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि एक ट्रक से कुछ पशुओं को यहां छोड़ दिया गया है। इनमें कुछ पशुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं। सूचना मिलने पर वे कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस सहित संबंधित विभागों को जानकारी दी।
लोधी ने आशंका जताई कि मामला गो-तस्करी से जुड़ा हो सकता है। उनके अनुसार, कुछ पशुओं के पैर बंधे हुए थे और उनकी हालत काफी खराब थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
सांची थाना प्रभारी रामविलोचन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर वे स्वयं मौके पर पहुंचे थे। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?