फर्स्ट AC में सफर कर रहे रिटायर्ड अधिकारी की नाक चूहे ने कुतरी, रेलवे की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
इंदौर।
ऊना हिमाचल-इंदौर एक्सप्रेस के फर्स्ट AC कोच में सफर कर रहे 78 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी एचपी करण के साथ चूहे के हमले का मामला सामने आया है। बताया गया कि रात में सोते समय चूहे ने उनकी नाक पर काट लिया। घटना के बाद उन्हें आगरा में प्राथमिक उपचार दिया गया और इंदौर पहुंचने पर परिजन अस्पताल लेकर गए।
परिजनों के अनुसार, यात्रा शुरू होने के बाद ही कोच में चूहा दिखाई दिया था। साथ ही गंदगी को लेकर रेलवे कर्मचारियों से शिकायत भी की गई थी। आरोप है कि कर्मचारियों ने सफाई तो कर दी, लेकिन चूहों को नियंत्रित करने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके कुछ समय बाद सो रहे बुजुर्ग यात्री की नाक पर चूहे ने काट लिया।
इंदौर पहुंचने पर कराया उपचार
घटना के बाद परिवार ने ट्रेन में मदद मांगी। आगरा में यात्री को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इंदौर पहुंचने के बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने रेबीज से बचाव के लिए उपचार शुरू किया।
रेलवे ने बताई पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन में चूहों की रोकथाम के लिए रोडेंट कंट्रोल और नियमित पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था है। रेलवे की ओर से यह भी कहा गया कि ट्रेन के इंदौर से रवाना होने से पहले निर्धारित चूहा नियंत्रण प्रक्रिया की गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे ट्रेन की दोबारा जांच कराने की बात कही गई है।
फर्स्ट AC जैसे प्रीमियम कोच में इस तरह की घटना सामने आने के बाद रेलवे की सफाई, कोच मेंटेनेंस और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर ऐसी समस्या का तत्काल समाधान होना चाहिए।
What's Your Reaction?