ईद मिलादुन्नबी पर 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-परचम इस्लामी, अमन और भाईचारे का दिया जाएगा संदेश

Aug 25, 2026 - 09:51
 0  6
ईद मिलादुन्नबी पर 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस-ए-परचम इस्लामी, अमन और भाईचारे का दिया जाएगा संदेश

भोपाल। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी की ओर से 26 अगस्त 2026 को भोपाल में जुलूस-ए-परचम इस्लामी निकाला जाएगा। कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष जनाब नूर उल इस्लाम राईन इस्लाम ने भोपाल सहित प्रदेश की जनता से जुलूस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

सुबह 11 बजे इतवारा चौराहे से शुरू होगा जुलूस

आयोजकों के मुताबिक जुलूस सुबह 11 बजे इतवारा चौराहे से शुरू होगा। जुलूस इतवारा चौराहा से इस्लामपुरा, बेडमास्टर चौराहा, बुधवार, मोती मस्जिद और पीरगेट होते हुए इमामी गेट पहुंचेगा, जहां जुलूस का समापन किया जाएगा।

जुलूस के दौरान देश की सलामती, अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआ की जाएगी। आयोजकों ने लोगों से कार्यक्रम में शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से शामिल होने की अपील की है।

जनप्रतिनिधियों और धर्मगुरुओं को किया गया आमंत्रित

कमेटी के अनुसार इतवारा चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनावर पटेल, भोपाल के पूर्व सांसद आलोक शर्मा, पूर्व सांसद आलोक संजर सहित विभिन्न धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है। अतिथियों का सम्मान करने के साथ जुलूस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद

ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शम्सुल हसन बल्ली भाई, राष्ट्रीय अध्यक्ष जनाब शेख इस्माइल, प्रदेश अध्यक्ष जनाब तनवीर कुरैशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आरिफ खान और भोपाल जिला अध्यक्ष जनाब अदनान हसन सहित कमेटी के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से जुलूस को सफल बनाने की अपील की है।

कमेटी पदाधिकारियों का कहना है कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित यह जुलूस आपसी भाईचारे, सौहार्द और देश में अमन-चैन का संदेश देगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow