सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर पर्यवेक्षक निलंबित
अनूपपुर । कलेक्टर रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत 29 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत जैतहरी क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती मीना शिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
शिविर में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास परियोजना जैतहरी के सेक्टर फुनगा/गौरेला में कुल 37 शिकायतें लंबित पाई गईं। शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं किया गया था। साथ ही, संबंधित सेक्टर की पर्यवेक्षक श्रीमती मीना शिव शिविर में अनुपस्थित पाई गईं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रत्नाकर झा ने श्रीमती मीना शिव, पर्यवेक्षक सेक्टर फुनगा/गौरेला, महिला एवं बाल विकास परियोजना जैतहरी को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
निलंबन अवधि में श्रीमती मीना शिव का मुख्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, जिला अनूपपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
What's Your Reaction?