शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रायसेन में नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष व्याख्यान
रायसेन,
शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रायसेन में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से पधारीं बीके रीको भारती दीदी, बीके शकुंतला देवी दीदी, बीके राम जी एवं बीके मोर सिंह जी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए ध्यान एवं योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ध्यान सत्र का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक जीवन को भी प्रभावित करती है। नियमित योग, ध्यान और सकारात्मक सोच मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के फैकल्टी श्री सौरभ शाक्या द्वारा किया गया। इसमें महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्राचार्य डॉ. एसपी कोरी ने ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से आए विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यक्रमों की आवश्यकता और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?