भोपाल में 17 साल की नाबालिग की संदिग्ध मौत, अब सामने आया ऑनर किलिंग का एंगल

Aug 30, 2026 - 20:55
 0  10
भोपाल में 17 साल की नाबालिग की संदिग्ध मौत, अब सामने आया ऑनर किलिंग का एंगल

रिपोर्ट------ मनीष श्रीवास्तव 

भोपाल 

भोपाल के पिपलानी इलाके में 17 साल की नाबालिग आयुषी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर उसकी मां कमला और मामा विजय राय को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पसंद की शादी को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया है।

पुलिस जांच के अनुसार, आयुषी अपनी पसंद के युवक से शादी करना चाहती थी, जबकि उसकी मां कमला बेटी की शादी अपनी पसंद के युवक से कराना चाहती थी। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को शादी की बात को लेकर घर में फिर विवाद हुआ।

आरोप है कि इसी दौरान कमला और उसके भाई विजय राय ने आयुषी का दुपट्टे से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को घटना की जानकारी मिली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया।

29 अगस्त को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में बड़ा खुलासा हुआ। रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पिपलानी पुलिस ने रविवार तड़के आयुषी की मां कमला और मामा विजय राय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पसंद की शादी को लेकर परिवार में विवाद और उसके बाद नाबालिग की मौत ने ऑनर किलिंग की आशंका को जन्म दिया है। हालांकि, घटना के पूरे कारण और दोनों आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की विस्तृत जांच अभी जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow